DAV स्कूल में हिंदी दिवस पर रचनात्मक गतिविधियों की धूम, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा










Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून
डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में सोमवार को हिंदी दिवस उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, रुचि और सम्मान की भावना विकसित करने के उद्देश्य से कक्षा-वार विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा की समृद्धता से परिचित कराने के साथ उनकी सृजनात्मक एवं भाषिक प्रतिभा को मंच प्रदान करना रहा। “हिंदी हमारे राष्ट्र की अभिव्यक्ति का सरलतम स्रोत है” विचार को केंद्र में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए भाव-अभिव्यक्ति, पोस्टर निर्माण, चित्र-वर्णन, स्वरचित कविता लेखन, अनुच्छेद एवं कहानी लेखन, स्लोगन लेखन तथा हिंदी सुलेख जैसी प्रतियोगिताएं कराई गईं।

विद्यालय के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने विभिन्न कवि-कवयित्रियों की वेशभूषा धारण कर उनके जीवन एवं साहित्यिक योगदान का परिचय दिया। विद्यार्थियों ने संबंधित कवियों की प्रसिद्ध रचनाओं और विचारों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उनकी प्रस्तुतियों में उत्साह, आत्मविश्वास और हिंदी के प्रति लगाव साफ दिखाई दिया।

विभिन्न गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी कल्पनाशीलता, भाषिक दक्षता और सृजनात्मक प्रतिभा का सुंदर प्रदर्शन किया। इन आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों ने हिंदी को महज एक विषय के बजाय अपने भावों और विचारों को व्यक्त करने के सशक्त माध्यम के रूप में अनुभव किया।

विद्यालय की प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शुद्ध एवं प्रभावी हिंदी के प्रयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि हिंदी हमारी पहचान है और हमें अपनी भाषा पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी के प्रति सम्मान बनाए रखते हुए दैनिक जीवन में भी इसके अधिकाधिक प्रयोग का आह्वान किया।