शिव एन्क्लेव में फायरिंग और तोड़फोड़ का पुलिस ने किया खुलासा




Listen to this article

कार छुड़ाने के लिए फैलाई थी दहशत, दो वाहनों में तलवारों से की थी तोड़फोड़

न्यूज 127, रुद्रपुर।
ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र के शिव एन्क्लेव में दहशत फैलाने, हवाई फायरिंग करने और वाहनों में तोड़फोड़ करने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस टीम ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को अवैध असलहों और कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया है।

कार छुड़ाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर की रात शिव एन्क्लेव (गंगापुर रोड) में एक युवक अपने दोस्त से मिलने पहुंचा था। स्थानीय लोगों के जुटने पर युवक अपनी कार वहीं छोड़कर निकल गया। बाद में कार वापस लेने पहुंचे उसके साथियों ने लोगों को डराने की नीयत से हवाई फायरिंग की। जब वे कार नहीं ले जा सके, तो उन्होंने गुस्से में वहां खड़े दो वाहनों में तलवार से तोड़फोड़ की और फायरिंग करते हुए फरार हो गए।

किच्छा रोड से दबोचे गए आरोपी
25 सितंबर को मुकदमा दर्ज होने के बाद प्रभारी निरीक्षक धर्मवीर सोलंकी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर किच्छा रोड स्थित एफसीआई गोदाम के पास से तीनों आरोपियों—नंदू (निवासी बिलासपुर, रामपुर), सोहेल और सुमित अधिकारी उर्फ बंगाली को गिरफ्तार कर लिया।

अवैध असलहे बरामद
आरोपियों के कब्जे से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, दो .315 बोर के तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी नंदू के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में पूर्व से मुकदमे दर्ज हैं, जबकि सोहेल और सुमित पर भी आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने सख्त चेतावनी दी है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले असामाजिक तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।