SSP BBGTS मूर्ति ने ली पुलिस लाइन की साप्ताहिक परेड, डॉग स्क्वाड और डायल-112 वाहनों का किया निरीक्षण




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो):
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) जनपद मेरठ बीबीजीटीएस मूर्ति ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित साप्ताहिक परेड की सलामी ली और उसका निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परेड में शामिल पुलिसकर्मियों की वर्दी, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और कदमताल का बारीकी से अवलोकन किया। उत्कृष्ट सलामी और कमाण्ड प्रस्तुत करने वाले गार्ड कमांडर मुख्य आरक्षी इलम चंद को ₹1,000 का नकद पुरस्कार देकर प्रोत्साहित किया गया।

परेड निरीक्षण के पश्चात एसएसपी ने डॉग स्क्वाड का जायजा लिया, जहां डॉग स्क्वाड द्वारा शानदार सलामी प्रस्तुत की गई। इसके बाद उन्होंने डायल-112 के चार पहिया और दोपहिया वाहनों की स्थिति व संचालन क्षमता का परीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं दोपहिया वाहन चलाकर उसकी कार्यक्षमता का जायजा लिया और वाहनों के समुचित रखरखाव व नियमित चेकिंग के निर्देश दिए। इसके साथ ही घुड़सवार पुलिस के घोड़ों की स्थिति का भी निरीक्षण किया गया।

इसके उपरांत एसएसपी ने पुलिस लाइन स्थित बैरकों, मैस और स्टोर का भ्रमण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। पुलिसकर्मियों के आवास, भोजन और मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के अगले क्रम में आदेश कक्ष में अर्दली रूम आयोजित किया गया, जहां पुलिस लाइन के विभिन्न अभिलेखों की जांच की गई। एसएसपी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव, उन्हें नियमित रूप से अद्यतन करने और अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करने पर जोर दिया। उन्होंने संसाधनों के समुचित उपयोग और पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता व अनुशासन में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए ताकि पुलिस व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।