विधानसभा चुनाव की तैयारियों में गैरहाजिर अधिकारियों को नोटिस, DM अंशुल सिंह ने परखी तैयारियां




Listen to this article

न्यूज 127, अल्मोड़ा।
विधानसभा निर्वाचन-2027 की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने कमर कसनी शुरू कर दी है। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने स्पष्ट किया कि चुनाव जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी नोडल और सहायक नोडल अधिकारियों को निर्वाचन से जुड़ी तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के खिलाफ तत्काल नोटिस जारी करने को भी कहा गया।

शुक्रवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में निर्वाचन से संबंधित विभिन्न व्यवस्थाओं, प्रक्रियाओं और चुनाव पूर्व तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान पूर्व में हुई बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की प्रगति भी जानी गई। जिलाधिकारी ने लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी निर्वाचन संपन्न कराना पूरे प्रशासन की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसके लिए प्रत्येक अधिकारी को अपनी भूमिका और दायित्वों की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्वाचन से संबंधित नियमावलियों, दिशा-निर्देशों और निर्धारित प्रक्रियाओं का गंभीरता से अध्ययन करने तथा अपने जिम्मे सौंपे गए कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों और व्यवस्थाओं को पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान किसी भी स्तर पर अस्पष्टता या अंतिम समय में अव्यवस्था की स्थिति नहीं बननी चाहिए। इसके लिए सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार कर सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं। निर्वाचन कार्यों के लिए आवश्यक कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही उनके प्रशिक्षण की विस्तृत कार्ययोजना भी पहले से तैयार करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में बिना सूचना अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता अनिवार्य है। सभी संबंधित अधिकारी बैठकों और निर्धारित निर्वाचन कार्यों में अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी अभिमन्यु सिंह, अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, परियोजना निदेशक के.एन. तिवारी सहित संबंधित नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी मौजूद रहे।