जिला अस्पताल हत्याकांड का मुख्य आरोपी विकास 12 घंटे में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार




Listen to this article

न्यूज 127, रुद्रपुर।
जगतपुरा में दो टेलीकॉम संचालकों के बीच शुरू हुआ विवाद जिला अस्पताल परिसर में खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट के दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। सनसनीखेज वारदात को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस को तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर बड़ी कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में हुई पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मामले में अब तक तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।

पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की सुबह जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप स्थित प्रजापति टेलीकॉम और राज टेलीकॉम के संचालकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद और मारपीट हुई थी। इसी विवाद के चलते दोनों पक्षों के बीच जिला चिकित्सालय रुद्रपुर परिसर में दोबारा संघर्ष हो गया। इस दौरान नितेश उर्फ राज जौहरी के सीने पर नुकीली वस्तु से वार किया गया। गंभीर रूप से घायल नितेश ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना के संबंध में मृतक के परिजन दिनेश जौहरी की तहरीर पर कोतवाली पंतनगर में मुकदमा अपराध संख्या 231/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई

हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी अजय गणपति ने तत्काल पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के अनावरण के निर्देश दिए। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर आरएफएसएल और फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक निरीक्षण कराया। मौके से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाने के साथ सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए गए। मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया।

पुलिस टीमों ने तेजी दिखाते हुए पहले आकाश कुमार और विनोद कुमार को गिरफ्तार किया। इसके बाद मुख्य आरोपी विकास कुमार को थाना पुलभट्टा क्षेत्र में पुलिस मुठभेड़ के बाद दबोच लिया गया। इस तरह वारदात के महज 12 घंटे के भीतर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों का विवरण

  • विकास कुमार पुत्र विनोद कुमार। * आकाश कुमार पुत्र विनोद कुमार। * विनोद कुमार पुत्र स्वर्गीय रामावतार।

तीनों आरोपी जगतपुरा, ट्रांजिट कैंप, रुद्रपुर के निवासी हैं।

अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस की दबिश

एसएसपी अजय गणपति के निर्देशन में मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। थाना पुलभट्टा, दिनेशपुर और एसओजी रुद्रपुर की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। पुलिस का कहना है कि संकलित साक्ष्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।