ग्रामीण से 1.96 लाख रुपये की ठगी, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज




Listen to this article

साइबर ठगों ने खाते से उड़ाई रकम, पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने शुरू की जांच

पथ प्रवाह, प​थरी।
साइबर ठग अब लोगों को डराने और नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर उनकी गाढ़ी कमाई पर हाथ साफ कर रहे हैं। थाना पथरी क्षेत्र में ऑनलाइन धमकी देकर एक ग्रामीण से 1 लाख 96 हजार 589 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, पथरी निवासी वसंत पुत्र हरफूल सिंह से किसी अज्ञात व्यक्ति ने ऑनलाइन माध्यम से संपर्क किया। आरोप है कि आरोपी ने उन्हें डराने के साथ नुकसान पहुंचाने की धमकी दी और अपने झांसे में लेकर धोखाधड़ी से 1,96,589 रुपये की रकम हड़प ली। खाते से रकम निकलने का पता चलने पर पीड़ित के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइबर ठगी में शामिल आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।