ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने हेलमेट और ड्राइविंग लाइसेंस के नियमों की दी जानकारी
हरिद्वार।
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर में विद्यार्थियों को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें हरिद्वार यातायात विभाग के सब इंस्पेक्टर मोहित सिंह एवं प्रदीप ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित सफर का महत्व समझाया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में सुपरवाइजरी हेड प्रतिभा शर्मा ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। विद्यालय की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न के रूप में विद्यालय की पत्रिका भी भेंट की गई। कार्यक्रम का संचालन हनी पटपटिया ने किया।

यातायात पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को सड़क पर लगे विभिन्न संकेतक बोर्डों के अर्थ और महत्व की जानकारी दी। उन्होंने वाहन चलाने के लिए निर्धारित आयु सीमा, ड्राइविंग लाइसेंस की अनिवार्यता तथा यातायात नियमों का उल्लंघन करने पर होने वाली चालानी कार्रवाई के बारे में विस्तार से बताया। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने की अनिवार्यता और ट्रैफिक लाइट के लाल, पीले एवं हरे रंग के संकेतों को भी समझाया।
अधिकारियों ने कहा कि यातायात नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और दूसरों के जीवन की सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी भी है। विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं नियमों का पालन करें और अपने परिजनों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को जिम्मेदार नागरिक बनने और सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने की प्रेरणा मिली। विद्यालय प्रबंधन ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।


