ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार महिला की दर्दनाक मौत, आक्रोशित भीड़ ने लगाया जाम




Listen to this article

न्यूज 127, रुड़की।
गंगनहर कोतवाली क्षेत्र के सालियर गांव के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार 29 वर्षीय महिला की ट्रक की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के वक्त महिला अपने पति और दो मासूम बच्चों के साथ बाइक पर सवार थी। गनीमत रही कि पति और दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मच गया, वहीं घटना से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध जताया।

जानकारी के अनुसार, बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र के बसेड़ा निवासी जावेदा (29) पत्नी मोहम्मद मुसाद शनिवार सुबह अपने पति और दो बच्चों के साथ बाइक से घर जा रही थी। जैसे ही उनकी बाइक सालियर गांव के पास हाईवे पर पहुंची, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जावेदा सड़क पर गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में पति और दोनों बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई।

हादसे के बाद पति और बच्चों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। महिला की मौत से आक्रोशित लोगों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। देखते ही देखते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया।

सूचना मिलने पर गंगनहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने जाम खुलवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर रुड़की सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को भी कब्जे में ले लिया गया है।

एसपी देहात अभय प्रताप सिंह ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और वाहन चालकों की तलाश की जा रही है। तहरीर मिलने पर मामले में अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जाएगी।