न्यूज 127, रुद्रप्रयाग।
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में कंडारा के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बारात से लौट रहा बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ की टीमें और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। दुर्गम खाई में वाहन गिरने के कारण रेस्क्यू अभियान में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। करीब पांच से छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सभी दस लोगों को खाई से बाहर निकाला गया।
घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से चार घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है।


