न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पांडव नगर में रविवार रात हुए पारिवारिक विवाद में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद रात भर इलाज न मिलने के कारण बड़े भाई ने दम तोड़ दिया। सोमवार शाम घटना की जानकारी मिलने पर पहुँची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है और आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पांडव नगर निवासी दोनों सगे भाइयों अनिकेत और अविरल के बीच रविवार रात किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों में संघर्ष शुरू हो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर छोटे भाई अविरल ने अनिकेत के सिर पर धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले में अनिकेत गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हालत में वहीं अचेत होकर गिर पड़ा।
रात भर अचेत अवस्था में पड़े रहने और समय पर इलाज न मिल पाने के कारण अनिकेत की मौके पर ही मौत हो गई। सोमवार शाम जब पड़ोसियों को इस वारदात की भनक लगी, तो इलाके में सनसनी फैल गई। लोगों ने तत्काल इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुँची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी छोटे भाई अविरल को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।


