करौली शंकर महाराज के इस्तीफे पर नया उदासीन अखाड़े का पलटवार, आरोपों को बताया निराधार




Listen to this article
  • कोठारी नितिन दास बोले– अखाड़े की अपनी स्थापित परंपराएं और मर्यादाएं, मीडिया में बयान देने के बजाय पदाधिकारियों के समक्ष रखनी चाहिए थी बात

न्यूज 127, हरिद्वार।

श्री करौली शंकर महाराज की ओर से श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण के महामंडलेश्वर पद से स्वेच्छा से त्यागपत्र देने संबंधी बयान के बाद धार्मिक जगत में विवाद गहरा गया है। करौली शंकर महाराज के बयान पर अखाड़े ने पलटवार करते हुए मीडिया में लगाए गए आरोपों को मिथ्या, निरर्थक और दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है।

अखाड़े के कोठारी नितिन दास महाराज ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि यदि करौली शंकर महाराज को महामंडलेश्वर पद से त्यागपत्र देना था तो उन्हें अखाड़े के पदाधिकारियों के समक्ष उपस्थित होकर अपनी बात रखनी चाहिए थी। मीडिया के माध्यम से त्यागपत्र की घोषणा करना उचित परंपरा नहीं है।

नितिन दास महाराज ने कहा कि हाल ही में अखाड़े की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में श्रीचंद्र मंदिर में भगवान श्रीचंद्र के समक्ष करौली शंकर महाराज ने स्वयं को प्रतिष्ठित किया और उपस्थित जनसमुदाय से अपनी पूजा कराई। इस दौरान मंदिर परिसर में दानपात्र भी रखे गए थे। उनके अनुसार, इस आयोजन में उदासीन संप्रदाय और पंच परंपरा के निर्धारित नियमों एवं मर्यादाओं का पालन नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि करौली शंकर महाराज को उदासीन संप्रदाय की परंपराओं से अवगत कराया गया था। इसके बावजूद मीडिया में त्यागपत्र संबंधी बयान दिया जाना निंदनीय है। अखाड़ा अपनी स्थापित धार्मिक परंपराओं और मर्यादाओं के अनुरूप संचालित होता है। किसी व्यक्ति के कहने पर अखाड़े की परंपराओं में बदलाव या नई परंपरा शुरू नहीं की जा सकती।

कोठारी नितिन दास महाराज ने स्पष्ट किया कि श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन अपने मूल उद्देश्यों, धार्मिक मान्यताओं और प्राचीन परंपराओं के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। अखाड़ा भविष्य में भी अपनी मर्यादाओं और सिद्धांतों के अनुरूप ही कार्य करता रहेगा।