धामी सरकार ने विकास कार्यों के लिए खोला खजाना, 17.38 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति




Listen to this article

हरिद्वार के पिरान कलियर में भी 2.49 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को मंजूरी**

News127 देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न जनपदों और विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 17 करोड़ 38 लाख रुपये से अधिक की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। स्वीकृत योजनाओं में सड़क एवं नालियों का निर्माण, मार्गों का सुधारीकरण, मंदिरों और मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण, हेलीपैड निर्माण, सिंचाई गूल तथा सुरक्षात्मक कार्य प्रमुख रूप से शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने चम्पावत विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत कठाड़ कमेला के मुख्य मार्गों पर सीसी एवं इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण के लिए 55.16 लाख रुपये स्वीकृत किए हैं। मसूरी विधानसभा क्षेत्र के आर्यनगर वार्ड संख्या-9 में आंतरिक सड़कों, नालियों और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 56.76 लाख रुपये तथा गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में गणेशपुर से लंकुरा बाजावाला होते हुए रमपुरकाजी तक सड़क के बीएम एवं एसडीबीसी से सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ 42 लाख 38 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है।

हरिद्वार के पिरान कलियर को 2.49 करोड़

हरिद्वार जनपद के पिरान कलियर विधानसभा क्षेत्र में सीसी मार्ग एवं इंटरलॉकिंग सड़क निर्माण के लिए 2 करोड़ 49 लाख 32 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 1 करोड़ 61 लाख 20 हजार रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है। वहीं, डोईवाला विधानसभा क्षेत्र में जॉलीग्रांट सैंज चौकी से जुड्डी गांव होते हुए कालूवाला को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण के लिए 98.75 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें प्रथम किश्त के रूप में 59.25 लाख रुपये जारी होंगे।

मंदिरों और धार्मिक स्थलों का होगा कायाकल्प

सरकार ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया है। पिथौरागढ़ के डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र में रसैपाटा स्थित पौराणिक भगवती मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 59.57 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रुद्रप्रयाग के केदारनाथ विधानसभा क्षेत्र में सिल्ला बामण गांव के साणेश्वर मंदिर, सिद्धपीठ आशुतोष महादेव, फलासी के तुंगेश्वर महादेव मंदिर और महड़गांव के महड़ महादेव मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 49.94 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।

चम्पावत के ढकना बड़ोला में श्री ऐड़ी ब्यानधुरा भूमिया मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 1 करोड़ 9 लाख 88 हजार रुपये तथा चमोली के कर्णप्रयाग विधानसभा क्षेत्र में दानवीर कर्ण के मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए 99.71 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। कर्ण मंदिर योजना के लिए प्रथम किश्त में 59.82 लाख रुपये जारी होंगे। नई टिहरी के बौराड़ी स्थित नवदुर्गा मंदिर की मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण के लिए भी एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिसमें प्रथम किश्त के रूप में 60 लाख रुपये जारी होंगे।

हेलीपैड और सड़क निर्माण को भी प्राथमिकता

उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र के मोरी विकासखंड स्थित फिताड़ी गांव में हेलीपैड निर्माण के लिए 1 करोड़ 7 लाख 98 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। देहरादून के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कारगी चौक स्थित जाट भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ 25 लाख रुपये की अवशेष धनराशि मंजूर की गई है।

ऊधमसिंह नगर के किच्छा विधानसभा क्षेत्र में पंतनगर स्थित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय परिसर की शेष सड़कों के सुधार के लिए 4 करोड़ 22 लाख 11 हजार रुपये स्वीकृत किए गए हैं। पिथौरागढ़ के डीडीहाट क्षेत्र में थल-सत्सिलिंग मोटर मार्ग के अंतर्गत डांगोली-दाड़िमखेत-हरवाड़-वलीघाट-दफौड़-धर्मघर-कोटमन्या-पाखू-थल-सत्सिलिंग मार्ग को श्रेणी-बी से श्रेणी-ए में उच्चीकृत करने के लिए 1 करोड़ 11 लाख 92 हजार रुपये मंजूर किए गए हैं।

इसके अतिरिक्त चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में मंच-लेठी-बमनगांव-तारकुली-आवंडा से ताकुला विकासखंड के भेसड़गांव-चौड़ा-फल्याटी-बनौड़ा तक सिंचाई गूल निर्माण के लिए 95.01 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना के लिए प्रथम किश्त में 57 लाख रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।

मुख्यमंत्री ने इन स्वीकृतियों के माध्यम से प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्गों एवं सिंचाई सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।