मेरठ। कोरोना के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए भाजपा नेता ने अनोखा तरीका अपनाया है। इस नेता ने अपने घर आने वाले लोगों से परेशान होकर पोस्टर चस्पा कर दिया और लिख दिया कि कोरोना वायरस खत्म होने तक कोई उनके घर में प्रवेश न करे। सलामत रहे तो फिर मिल लेंगे। भाजपा नेता का यह पोस्टर सोशल मीडिया पर भी शेयर किया गया है।
भाजपा नेता इंद्रपाल बजरंगी जिला महामंत्री हैं। वह पोहल्ली गांव के रहने वाले हैं। इंदरपाल बजरंगी का कहना है कि पूरा देश लॉक डाउन है लेकिन उनके गांव के लोग लॉक डाउन का पालन नहीं कर रहे हैं। गांव के लोग एक दूसरे से मिल रहे हैं अपना अधिकतर समय घर के बाहर बीता रहे हैं। उनके घर पर भी लोग उनसे मिलने आ रहे हैं। उन्होंने लोगों से मना भी किया लेकिन लोग मान नहीं रहे हैं। भाजपा नेता का कहना है कि जब लोग नहीं माने तो मजबूरन उन्हें अपने घर के बार पोस्टर लगाना पढ़ा और अपने घर के दरवाजे अंदर से बंद करने पड़े। पोस्टर पर इंद्रपाल बजरंगी ने लिखा कि जब तक कोरोना वायरस खत्म नहीं होता तब तक कोई उनके घर में प्रवेश न करे। सलामत रहे तो फिर मिल लेंगे। भाजपा ने अपना यह पोस्टर सोशल मीडिया पर भी वायरल किया है। जिला महामंत्री इंद्रपाल बजरंगी का कहना है कि अभी लोग इस महामारी को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। देश के प्रधानमंत्री की अपील भी कुछ लोग नहीं मान रहे हैं। विदेशों में इस महामारी से जो हाल है वह किसी से छिपा नहीं है उसके बावजूद भी लोग लॉक डाउन का पालन नहीं कर रहे हैं। कहा कि 21 दिन अधिक दिन नहीं है, यदि हम घर में रहकर अपने और अपने परिवार को सुरक्षित रख सके तो इससे अच्छा कुछ नहीं हो सकता।







