हरिद्वार। सिडकुल की एक फैक्ट्री में कार्य कर रहे दो कर्मचारियों को करंट लग गया। जिसमें से एक कर्मचारी की मौत हो गई। जबकि दूसरे का उपचार निजी अस्पताल में चल रहा है। मरने वाला युवक पौड़ी गढ़वाल का रहने वाला बताया गया है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस के मुताबिक रोशनाबाद सिडकुल के सेक्टर तीन में अरविंद केमी सिंथेटिक की फैक्ट्री है। इस फैक्ट्री में अनिल पुत्र श्यामलाल निवासी पौड़ी गढ़वाल कार्य करता था। इसी के साथ राम सिंह भी फैक्ट्री में कार्य करता था। मंगलवार की रात्रि काम करने के दौरान अनिल और राम सिंह को करंट लग गया। दोनों घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां अनिल ने दम तोड़ दिया। जबकि राम सिंह की हालत में सुधार बताया जा रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया है।