किट्टी के नाम पर करोड़ों की रकम डकारने वाली निशी उर्फ गुरप्रीत गिरफ्तार




हरिद्वार। किट्टी के नाम पर करोड़ों की रकम डकारने वाली गुरप्रीत उर्फ निशी उर्फ बबली को पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। जबकि फरार बंटी उर्फ सविंदर की तलाश में पुलिस उसकी मोबाइल की लोकेशन को ट्रेस कर रही है। बबली की गिरफ्तारी के बाद भी लोगों का गुस्सा कम नहीं हो रहा है। वहीं पुलिस ने धोखाधड़ी और विश्वासघात करने की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
नगर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि भूपतवाला निवासी आशीष शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया है। बताया कि गुरप्रीत उर्फ निशी ने अपने पति सविंदर की मदद से किट्टी के नाम पर लोगों से धन वसूला। जब धन को वापिस करने का समय आया तो वह फरार हो गया। मंगलवार की देर शाम जब लोगों ने इस प्रकरण में जीआईजी मार्ट पर हंगामा किया तो पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने लोगों से जानकारी ली आरोपी महिला गुरप्रीत को हिरासत में ले लिया। गुरप्रीत से उसके पति के संबंध में जानकारी ली गई तो उसने कुछ नहीं बताया। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। तमाम रसीद व फोटो हासिल कर लिये है। पीड़ितों लोगों की तरफ से पुलिस को कई सबूत दिये गये है। पुलिस पीड़ितों के बयान दर्ज करने में जुट गई है। इसी के साथ पुलिस फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिये प्रयास कर रही है। आरोपी की लोकेशन को ट्रेस किया जा रहा है।

विश्वासघात करने की मिल गई सजा
जनता के साथ विश्वासघात करने वाली आरोपी महिला गुरप्रीत उर्फ निशी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। इन दंपति पर धोखाधड़ी की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जबकि आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिये पुलिस के पास पुख्ता सबूत हैं। वहीं गिरफ्तार महिला का पति पुलिस की गिरफ्त से दूर है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिये पूरा प्रयास कर रही है।

पूर्व में भी बंटी बबली का रिकार्ड है धोखाधड़ी का
किट्टी के खेल में करोड़ों के वारे न्यारे करने वाले दंपति का पूर्व का रिकार्ड भी खराब है। ज्वालापुर के जिस घर में वह रहता था उसको लेकर भी उसका विवाद रहा था। एक ही मकान को दो लोगों को बेचने का आरोप लगा था। जिसके संबंध में कानूनी कार्रवाई तक हुई थी। इसी के साथ आरोपी दंपति का रहन सहन बहुत हाईफाई था। बातचीत करने का सलीका लोगों का दिल जीतने वाला था। जिसके चलते लोग जल्दी से झांसे में आ जाते थे। अब जब इस दंपति सविंदर और गुरप्रीत की हकीकत से परदा उठा तो लोगों को अपने ठगे जाने का एहसास हो रहा है।

अवैध किट्टी के खेल से पुलिस उठायेगी परदा
किट्टी के अवैध धंधे में मुकदमा दर्ज होने के बाद अब इस खेल से परदा उठ जायेगा। पुलिस की तफ्तीश इस केस में कई रहस्यों को उजागर करेगी। इस केस में आरोपी दंपति की तो मुश्किले बढ़नी तय है। साथ ही कारोबार में शामिल अन्य लोगों का नाम भी जनता के बीच में होगा। इन संगीन धाराओं के मुकदमे में पुलिस जल्द ही इनके कंप्यूटर को जब्त कर उसमें से रिकार्ड को खंगालेगी। इसी के साथ ये तमाम जानकारी भी जनता के बीच होगी कि किस-किस लोगों ने किट्टी के खेल में पैंसा लगाया था। ये जानकारी भी सार्वजनिक होगी कि इन दोनों के साथ इस घंघे में और कोई पार्टनर भी है। यदि ऐसा हुआ कि कोई और पार्टनर किटटी में शामिल हुआ तो पुलिस मुकदमे की धाराओं में इजाफा करेंगी। सीओ सिटी प्रकाश देवली ने बताया कि केस की तफ्तीश की जायेगी। कौन-कौन किट्टी के कारोबार में शामिल है ये सब पता लगाया जायेगा। उसके बाद ही धाराओं में इजाफा किया जायेगा।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *