डीपीएस रानीपुर के छात्र अर्णव बिष्ट का राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए चयन




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
दिल्ली पब्लिक स्कूल, रानीपुर के कक्षा चार के मेधावी छात्र अर्णव बिष्ट ने खेल जगत में विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया है। हरिद्वार में आयोजित ‘योनेक्स-सनराइज 25वीं उत्तराखंड मिनी स्टेट बैडमिंटन चैंपियनशिप’ में अपनी उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्णव ने यह बड़ी उपलब्धि हासिल की है। उनके इसी बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए उनका चयन किया गया है।

अर्णव बिष्ट का चयन उत्तराखंड राज्य की ओर से ‘योनेक्स-सनराइज 5वीं मिनी नेशनल बैडमिंटन चैंपियनशिप (अंडर-11)’ के लिए हुआ है। यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता आगामी 24 से 27 नवंबर 2026 तक छत्तीसगढ़ में आयोजित की जाएगी, जिसमें वह उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

अर्णव की इस शानदार सफलता से पूरे विद्यालय परिवार, शिक्षकों और परिजनों में हर्ष एवं गर्व का माहौल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने अर्णव को इस उपलब्धि पर हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने छात्र के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में पूरी मेहनत के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन कर उत्तराखंड और डीपीएस रानीपुर का नाम रोशन करने के लिए अपनी ढेरों शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।