जन्मदिन की पार्टी में जीजा और उसके दोस्तों ने साले को पीट-पीट कर मार डाला




विजय सक्सेना.
जन्मदिन की पार्टी में जीजा ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर अपने सगे साले की पीट पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने इस मामले में तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी डंडे भी बरामद कर लिये हैं।

यह घटना उधमसिंह नगर के सिद्धा नवदिया गांव की है। खटीमा के सीओ बीएस भंडारी ने शनिवार को हत्याकांड का खुलासा करते हुए बताया कि बृहस्पतिवार रात सिद्धा नवदिया गांव में हुई जन्मदिन पार्टी में बहनोई ने अपने पांच साथियों की मदद से बड़े साले की हत्या कर दी थी। मृतक अजय वाल्मीकि की मां शकुंतला देवी ने पुलिस को तहरीर देते हुए अपने दामाद वाल्मीकि बस्ती कृषि मंडी नानकमत्ता निवासी प्रदीप, वाल्मीकि बस्ती निवासी उसके मित्र संजय, विशाल, विकास, सूरज, आकाश के खिलाफ बेटे अजय की हत्या के आरोप में मुकदमा कराया था।

हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए थानाध्यक्ष देवेंद्र गौरव के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने सभी नामजद हत्यारोपियों को शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लाठी डंडे शमशान के पास से बरामद कर लिए गए। पुलिस के मुताबिक नामजद छह हत्यारोपियों में से पांच नगर पंचायत के कर्मचारी हैं। नामजद संजय, विशाल, विकास, सूरज, आकाश नगर पंचायत में पर्यावरण मित्र हैं। मृतक अजय का छोटा भाई सन्नी भी नगर पंचायत का कर्मचारी है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *