कोरोना की चौथी लहर की आशंका, तीन राज्यों में बढ़ रहे नए मरीज




नवीन चौहान.
कोरोना की चौथी लहर का खतरा मंडराना शुरू हो गया है। पिछले कुछ दिनों से देश के कुछ हिस्सों में कोरोना के मामलों में तेजी देखी गई है, इनमें राजधानी दिल्ली भी शामिल है।

कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए शासन प्रशासन की भी चिंता बढ़ गई है। जिस तरह से रोज नए केस बढ़ रहे हैं उससे यह भी कहा जा रहा है कि यह चौथी लहर की आहट हो सकती है। ऐसे में एक बार फिर से सभी को सतर्क रहने की जरूरत है।

मंगलवार को दुनिया में कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 50 करोड़ के पार पहुंचा। दुनिया के 10 देशों में कोरोना की चौथी लहर ने दस्तक भी दे दी है। इनमें अमेरिका, ब्राजील, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, रूस, इटली, फ्रांस, जापान, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया और ऑस्ट्रिया शामिल हैं।

वहीं दूसरी ओर भारत में पिछले 28 दिनों के अंदर 5,474 लोगों की मौत हुई है। इस बीच, 40 हजार 866 लोग संक्रमित पाए गए। हालांकि, राहत की बात ये भी है कि इन चार हफ्तों में संक्रमण से 58 हजार 158 लोग ठीक भी हुए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, देश के 29 जिलों में कोरोना बेकाबू है। यानी, इन जिलों में पॉजिटिविटी रेट 5 फीसदी से ज्यादा है।

देश में सबसे अधिक स्थिति खराब केरल की है। केरल के 14 जिलों में 10 प्रतिशत से ज्यादा पॉजिटिविटी रेट है। इसी तरह मिजोरम के सात जिलों में पॉजिटिविटी रेट 10 फीसदी से ज्यादा है।

तीन राज्यों के आंकड़ों में बड़ा इजाफा हुआ है। इनमें गुजरात, दिल्ली और हरियाणा शामिल हैं। गुजरात में रोज आने वाले मामलों में 42.4%, दिल्ली में 34.9% और हरियाणा में 18.1% का इजाफा हुआ है।

बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य मंत्रालय ने पांच राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है। इसमें दिल्ली, हरियाणा, केरल, महाराष्ट्र, मणिपुर और मिजोरम के नाम शामिल हैं। मंत्रालय ने इन राज्यों से सतर्कता बढ़ाने के लिए कहा है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *