यातायात पुलिस ने सहन की भीषण गर्मी तो दौड़े वाहन, जानिए पूरी खबर




नवीन चौहान,  

हरिद्वार। भीषण गर्मी के मौसम में हरिद्वार पुलिस सड़कों पर मुस्तैद रही तो लाखों लोगों को जाम से निजात मिल पाई। बाहरी राज्यों से आने वाले यात्रियों के वाहन भी हाईवे पर फर्राटा रफ्तार में आवागमन करते हुये दिखाई दिये। किसी स्थान पर कोई जाम की समस्या उत्पन्न नहीं हुई। स्नान पर्व और वीकेंड पर यातायात की व्यवस्था को सकुशल बनाने में यातायात पुलिस की भूमिका अहम रही। हरिद्वार पुलिस प्रशासन ने बैशाखी स्नान पर्व और वीकेंड को ध्यान में रखते हुये यातायात प्लान बनाया था।

एसएसपी कृष्ण कुमार वीके ने हरिद्वार पुलिस को निर्देश दिये थे कि किसी स्थान पर जाम की समस्या उत्पन्ना ना हो। इसके अलावा स्थानीय नागरिको को भी परेशानी का सामना ना करना पड़े। हरिद्वार में आने वाली भारी भीड़ की संभावना को देखते हुये एसपी यातायात मंजूनाथ टीसी ने आटो रिक्शा और बड़े वाहनों को हाईवे पर प्रतिबंधित करने का प्लान बनाया। इसके लिये करीब 15 मैक्स वाहनों की व्यवस्था की गई। हरिद्वार के दूधाधारी चौक पर आटो का हाईवे पर आने से रोक दिया गया। इसके अलावा दूधाधारी चौक से मैक्स वाहनों से सवारियों को बस स्टैंड और चंडीघाट चौक तक लाने ले जाने की व्यवस्था की गई।

यातायात पुलिस की इस व्यवस्था का लाभ हरिद्वार पहुंचने वाले नागरिको को मिला। दिल्ली की ओर से आने वाले वाहनों को नियत पार्किंग स्थल में वाहन खड़ा करने के निर्देश भी यातायात पुलिस ने दिये। यातायात निरीक्षक हितेश कुमार हाईवे लगने वालों स्थानों का निरीक्षण करते रहे। एसएसपी कृष्ण कुमार वीके, एसपी सिटी ममता वोहरा, एसपी यातायात मंजूनाथ टीसी खुद भीड़ का जायजा लेकर पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ाते रहे। जिसका नतीजा ये रहा कि भारी गर्मी के बावजूद पुलिस पूरे उत्साह के साथ अपने मोर्चे पर डटी रही और हरिद्वार पहुंचने वाले लाखों लोगों को राहत मिल सकी।

जवानों को मिला सॉफ्ट ड्रिंक
भीषण गर्मी में सड़कों पर तैनात रहने वाली यातायात और थाना पुलिस के जवानों के लिये पुलिस प्रशासन की ओर से पानी, जूस और फलों की व्यवस्था की गई। डयूटी स्थल पर जवानों के गलों को ठंडक पहुंचाई गई। एसपी यातायात मंजूनाथ टीसी जवानों का मनोबल बढ़ाते रहे। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाये रखने के लिये दिशा निर्देश देते रहे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *