मकर सक्रांति पर छह लाख श्रद्धालुओं ने लगाई मां गंगा में आस्था की डुबकी




गगन नामदेव
मकर सक्रांति स्नान पर्व पर करीब छह लाख श्रद्धालुओं ने शाम चार बजे तक हरकी पैड़ी पर मां गंगा में डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। स्नान का क्रम जारी है। श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद रही। आईजी संजय गुंज्याल ने सुबह सबेरे हरकी पैड़ी पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिसके बाद जिलाधिकारी सी रविशंकर और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सेंथिल अबुदई कृष्णराज एस, एसडीएम सदर गोपाल सिंह चौहान ने भी हरकी पैड़ी क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
कुंभ पर्व की तैयारियों में जुटी मेला पुलिस फोर्स ने मकर सक्रांति पर्व के दौरान अपनी काबलियत का परिचय दिया। पुलिस ने मेला क्षेत्र में मुस्तैद दिखाई दी। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं हुई। एसपी यातायात आयुष अग्रवाल ने हाइवे का निरीक्षण किया। यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलती रही। किसी स्थान पर जाम की स्थिति दिखाई नहीं पड़ी। वही हरकी पैड़ी क्षेत्र में पुलिस फोर्स ने श्रद्धालुओं को सुरक्षा घेरे से गुजारा। पुलिस ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन नही करने वाले श्रद्धालुओं के चालान काटे और मास्क वितरित किया। संभावना है कि देर रात्रि तक करीब दस लाख श्रद्धालु स्नान कर चुके होंगे। श्रद्धालुओं के स्नान का क्रम जारी है। भारी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी हरकी पैड़ी और आसपास के विभिन्न घाटों पर गंगा में डुबकी लगाकर पुण्य का लाभ अर्जित किया। 



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *