योगेश शर्मा.
भाजपा को वोट देना एक युवक को भारी पड़ गया। मामला यूपी में मैनपुरी के किशनी क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि यहां रविवार की शाम एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया। उसे जबरन अगवा करने का भी प्रयास किया गया। इस दौरान पति को बचाने आयी पत्नी गोली लगने से घायल हो गई।
आरोप है कि हमलावर आरोपियों ने युवक पर इसलिए जानलेवा हमला किया क्योंकि उसने उपचुनाव में भाजपा को वोट दिया था। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध जानलेवा हमला सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार किशनी थाना क्षेत्र के गांव भिटारा निवासी बालक राम रविवार की शाम अपने घर के दरवाजे पर खड़ा हुआ था। तभी गांव का ही रहने वाला रिंकू यादव अपने दो साथियों के साथ वहां आया और उपचुनाव में भाजपा को वोट को लेकर गालीगलौज करने लगा। आरोपी ने उसके ऊपर तमंचा तान दिया और गोली चला दी। गोली बालक राम की पत्नी रामदेवी के पैर में जा लगी। गोली की आवाज सुनकर दहशत फैल गई।
आरोपियों ने बालक राम को पीटते हुए कार में डालकर अगवा करने की कोशिश की। ग्रामीणों द्वारा पीछा करने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देते हुए रास्ते में फेंककर भाग गए।पुलिस ने घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।