अल्मोड़ा में 98,529 नोटिसों की सुनवाई के लिए 856 मतदेय स्थल निर्धारित






Listen to this article

न्यूज 127, अल्मोड़ा
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिलाधिकारी अंशुल सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों एवं उनके नामित बीएलए-1 के साथ बैठक हुई। बैठक में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने को लेकर प्रक्रिया के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने एसआईआर प्रक्रिया, अधिकारियों के दायित्वों और महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देते हुए सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को नोटिसों के निस्तारण एवं सत्यापन की सुनवाई पारदर्शी, निष्पक्ष और समयबद्ध तरीके से करने के निर्देश दिए।

जनपद में कुल 98,529 नोटिसों की सुनवाई के लिए 856 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति इस प्रकार है—

विधानसभा क्षेत्र नोटिस मतदेय स्थल सुनवाई अवधि

द्वाराहाट 16,962 149 29 जुलाई–18 अगस्त 2026
सल्ट 18,668 112 3 अगस्त–3 सितंबर 2026
रानीखेत 12,020 140 29 जुलाई–2 सितंबर 2026
सोमेश्वर 14,056 156 3–26 अगस्त 2026
अल्मोड़ा 19,266 142 1–31 अगस्त 2026
जागेश्वर 17,557 187 1–26 अगस्त 2026

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने एसआईआर के दौरान सामने आ रही समस्याओं और प्रक्रियात्मक विषयों से जिलाधिकारी को अवगत कराया तथा विभिन्न सुझाव रखे। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिनिधियों द्वारा उठाई गई समस्याओं का नियमानुसार समयबद्ध निस्तारण किया जाए।

उन्होंने कहा कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान पारदर्शिता और निष्पक्षता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि मतदाता सूची को अधिक विश्वसनीय और त्रुटिरहित बनाया जा सके।

बैठक में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी भरत सिंह रावत सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।