कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज के दरबार में 192 फरियादी, जानिए पूरी खबर




Listen to this article

अनुराग गिरी 

हरिद्वार। जनपद के प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में तहसील भगवानपुर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। सतपाल महाराज ने क्षेत्रवासियों की समस्यायें सुनी और जिलाधिकारी दीपक रावत, सीडीओ स्वाती भदौरिया के माध्यम से निराकारण कराया। जनता दरबार में कुल 192 फरियाद पंजीकृत हुई, जिनमें से अधिकांश का विभागीय अधिकारियों के माध्यम से निस्तारित किया गया।
मोहितपुर निवासी साबरा ने स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत शौचालय बनाये जाने के लिए दी जा रही बारह हजार की धनराशि में से मात्र छः हजार रूपये मिलने की शिकायत की। डीएम ने बीडीओ को शेष धनराशि किस स्तर पर अटकी जांच कर जारी करने के निर्देश दिये। मंडावर निवासी नरेश कुमार तथा बलजीत सिंह ने मदनपुर से हसनपुर को जाने वाले मार्ग पर बरसाती पानी की निकासी के लिए पुलिया बनाने की मांग की। अधिशासी अभियंता को पुलिया निर्माण कार्य किये जाने के निर्देश दिये गये। खाल्लू माजरा निवासी सुरेशचंद्र द्वारा गांव में सिंचाई के पानी नहीं मिलने कि शिकायत की गयी। अधिशासी अभिंयता सिंचाई को गांव में कुलाबा या पाइप लाइन के माध्यम से पानी की व्यवस्था किये जाने के निर्देश दिये गये। खुब्बनपुर निवासी राजेश कुमार ने दिव्यांग सर्टिफिकेट न होने सम्बन्धी समस्या से सतपाल महाराज को अवगत कराया गया। डीएम ने सीएमएस रूड़की को प्रमाण पत्र दिये जाने के निर्देश दिये। ग्राम प्रधान खेलपुर ने इण्डस्ट्रीयल एरिया का पानी गांव में भरने की शिकायत की गयी, उन्होंने पानी के लिए नाला बनाये जाने की मांग की। अधिशासी अभियंता लोकनि विभाग को गांव में नाला निर्माण कार्य शीघ्र कराये जाने के निर्देश दिये।

क्षेत्र पंचायत सदस्य इनायतपुर ने गांव में भूस्खलन के कारण देवस्थान व श्मशान भूमि के बह जाने की समस्या से अवगत कराया गया। विधायक ममता राकेश ने विधायक निधि से पांच लाख रूपये की धनराशि उक्त कार्यो को कराये जाने की घोषणा की। ग्राम प्रधान गांव मूलना में भूजल दूषित होने जाने तथा पेयजल संकट की समस्या से अवगत कराया गया। सतपाल महाराज ने इस वर्ष जिला योजना में नये हैडपम्प व बोर कार्यो का डीपीआर तैयार ग्रामीणों को इसी वर्ष स्वच्छ पानी उपलब्ध कराये जाने के निर्देश पेयजल निगम को दिये गये। गांव सरहेड़ी निवासियों ने गांव में बने हाईस्कूल के निकट ग्राम समाज की भूमि पर ग्रामीणों गोबर व गंदगी डाले जाने की शिकायत की गयी। ग्रामीणों ने मांग की कि उक्त भूमि पर खेल का मैदान विकसित कर दिया जाये। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को इस कार्य का प्रस्ताव तैयार कर प्रस्तुत किये जाने के निर्देश दिये गये। बुढ़ान निवासी दिव्यांग योगेश कुमार द्वारा परीक्षा में लेखक उपलब्ध कराये जाने की मांग की गयी, जिस पर डीएम ने शिक्षा विभाग द्वारा योगेश को परीक्षा में लेखक प्रदान किये जाने के निर्देश दिये गये।
इसके अलावा विवाह हेतु अनुदान, गांवों में पेयजल टंकी, जल निकासी बीज सब्सिडी, विभिन्न प्रकार की पेंशन, मुआवजा धनराशि सम्बन्धी अनेक समस्यायें क्षेत्रवासियों द्वारा रखी गयी। जिनका निस्तारण सम्बधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समयाविध के भीतर कराये जाने के निर्देश प्रभारी मंत्री द्वारा दिये गये।