न्यूज127, देहरादून
राज्य के समग्र और संतुलित विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न विभागों की अहम योजनाओं के लिए कुल 1096 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इस फैसले में शिक्षा, शहरी एवं ग्रामीण विकास, पर्यटन अवसंरचना और कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।
पुल और पार्किंग निर्माण को हरी झंडी
राज्य योजना के अंतर्गत जनपद नैनीताल के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र में कोटाबाग स्थित पतलिया (गुरूणी) नाले पर पुल निर्माण के लिए 9.43 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है। वहीं विकासखंड रामगढ़ के मोहन बाजार, मुक्तेश्वर में कार पार्किंग निर्माण हेतु 9.89 करोड़ मंजूर किए गए हैं। इन दोनों परियोजनाओं के लिए प्रथम किश्त के रूप में 3.95 करोड़ जारी करने को अनुमोदन दिया गया है।
शहरी निकायों और पंचायतों को बड़ा वित्तीय संबल
छठवें राज्य वित्त आयोग के तहत शहरी स्थानीय निकायों को वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम त्रैमासिक किश्त (अप्रैल-जून) हेतु 328.27 करोड़ तथा तीन गैर-निर्वाचित निकायों को 3 करोड़, कुल 331.27 करोड़ जारी किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त त्रिस्तरीय पंचायतीराज संस्थाओं के लिए:
जिला पंचायतों को 82.20 करोड़, क्षेत्र पंचायतों को 75.46 करोड़, ग्राम पंचायतों को 194.61 करोड़ मिलाकर कुल 352.27 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे ग्रामीण विकास कार्यों को गति मिलेगी।
शिक्षा क्षेत्र को प्राथमिकता, वेतन भुगतान हेतु बड़ी राशि स्वीकृत
प्रारंभिक शिक्षा के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों के कार्मिकों के वेतन भुगतान के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 160 करोड़ के सापेक्ष पहली किश्त के रूप में 80 करोड़ जारी किए गए हैं। वहीं माध्यमिक शिक्षा के अंतर्गत अप्रैल से सितंबर 2026 की अवधि के लिए 300 करोड़ की धनराशि अवमुक्त किए जाने को मंजूरी दी गई है, जिससे शिक्षकों और कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सकेगा।
कुम्भ मेला-2027: हरिद्वार में स्थायी कार्यों पर फोकस
कुम्भ मेला-2027 की तैयारियों को सुदृढ़ करने के लिए हरिद्वार में स्थायी प्रकृति के महत्वपूर्ण कार्यों को स्वीकृति दी गई है। इनमें— शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चन्द्राचार्य चौक एवं आर्यनगर चौक के आंतरिक मार्गों का नवीनीकरण और बैरियर से गुगाल मंदिर तक मार्ग सुधार हेतु 6.44 करोड़
रानीपुर मोड़, शंकर आश्रम, शिव मूर्ति चौक और झंडा चौक का जंक्शन के सुधार एवं सौंदर्यीकरण हेतु 6.83 करोड़ तथा ईवी आधारित आधुनिक रोड स्वीपिंग मशीनों की आपूर्ति व कमीशनिंग हेतु 5.95 करोड़ जारी किए है।
इन कार्यों से कुम्भ के दौरान यातायात प्रबंधन, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा में व्यापक सुधार होगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के इस फैसले को राज्य के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, स्थानीय निकायों को सशक्त बनाने और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




