पथ प्रवाह, हरिद्वार
जमालपुर कॉलोनी क्षेत्र की विभिन्न कॉलोनियों के निवासियों ने रविवार को जमालपुर कलां तिराहे पर जोरदार प्रदर्शन कर सीवर लाइन की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग उठाई। मानव कल्याण सेवा समिति के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि लक्की विहार, राम विहार, बसंत विहार, कस्तूरी एंक्लेव, दुर्गा विहार और कुसुम एंक्लेव सहित कई कॉलोनियां आज भी सीवर लाइन जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित हैं।
समिति के अध्यक्ष राजवीर सिंह और सचिव प्रकाश जोशी ने कहा कि इस संबंध में कई बार संबंधित विभागों को ज्ञापन सौंपा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मांग की कि जगजीतपुर मुख्य मार्ग और फुटबॉल ग्राउंड मार्ग पर बिछाई जा रही सीवर लाइन से आसपास की कॉलोनियों को भी जोड़ा जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि कॉलोनियों का गंदा पानी खाली प्लॉटों में जमा हो रहा है, जिससे जलभराव, गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। उनका कहना है कि सीवर लाइन बनने से इस समस्या का स्थायी समाधान हो सकेगा।
गोविंद सिंह राणा, प्रमोद पाल, पद्मेंद्र सिंह और दामोदर सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि वर्षों से मांग के बावजूद कॉलोनीवासियों के साथ भेदभावपूर्ण रवैया अपनाया जा रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
प्रदर्शन में डॉ. कल्पना तिवारी, प्रकाशचंद जोशी, विकास सैनी, शिवप्रकाश, अवतार सिंह, चंद्रप्रकाश, विष्णु देव, अंकुर चौधरी, विश्वनाथ, विजेंद्र ढीमर, पुष्पा रानी, विजय, वीरेंद्र मिश्रा, पूरन सिंह रावत, रेखा, शांति, कविता, विनीता, रक्षा, दिया और एकता सहित कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
जमालपुर क्षेत्र में सीवर लाइन की मांग को लेकर प्रदर्शन, कॉलोनीवासियों में रोष




