पथ प्रवाह, ऊधमसिंहनगर।
जनपद में कानून-व्यवस्था को लेकर सतर्क वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने बीती देर रात अचानक हाईवे पर उतरकर पुलिस व्यवस्था की हकीकत परखी तो कई चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। ड्यूटी में लापरवाही, गलत लोकेशन बताने और निर्धारित प्वाइंट से नदारद रहने वाले पुलिसकर्मियों पर एसएसपी ने तत्काल सख्त कार्रवाई करते हुए 09 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया, जबकि 04 से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
04/05 अगस्त 2026 की रात की है, जब पंतनगर क्षेत्र के पास एक सफेद स्कॉर्पियो सवार युवकों द्वारा फायरिंग की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम ने थाना पंतनगर सहित रुद्रपुर से जसपुर बॉर्डर तक सभी थाना प्रभारियों को हाईवे पर सघन चेकिंग और नाकाबंदी के निर्देश दिए।
इसी दौरान एसएसपी अजय गणपति ने पुलिस के वास्तविक रिस्पॉन्स को परखने के लिए स्वयं मोर्चा संभाल लिया। वे रात करीब 12 बजे निजी वाहन से हाईवे पर निकले और रुद्रपुर से कोतवाली जसपुर तक सुबह 03 बजे तक लगातार औचक निरीक्षण करते रहे।
निरीक्षण के दौरान महतोष, सरकड़ी तिराहा, दोराहा और परमानन्दपुर हाईवे चेकिंग प्वाइंटों पर तैनात पुलिसकर्मी अपने निर्धारित स्थानों से अनुपस्थित मिले। कुछ पुलिसकर्मियों द्वारा कंट्रोल रूम एवं वरिष्ठ अधिकारियों को अपनी लोकेशन गलत बताई गई, जिससे स्पष्ट हुआ कि ड्यूटी के दौरान गंभीर अनुशासनहीनता और आदेशों की अवहेलना की जा रही थी।
निलंबित पुलिसकर्मियों की सूची
लापरवाही के आरोप में निम्नलिखित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया— 1. उपनिरीक्षक ना०पु० हरीश महर, कोतवाली कैलाखेड़ा, 2. आरक्षी 251 ना०पु० कमल सिंह, कोतवाली कैलाखेड़ा, 3. उपनिरीक्षक ना०पु० धीरेन्द्र परिहार, कोतवाली बाजपुर, 4. आरक्षी 554 ना०पु० शैलेन्द्र सिंह, कोतवाली बाजपुर, 5. आरक्षी 1176 ना०पु० पूरन चन्द्र, कोतवाली बाजपुर, 6. उपनिरीक्षक ना०पु० सुशील कुमार, कोतवाली आईटीआई, 7. मुख्य आरक्षी 118 ना०पु० सिराज हुसैन, कोतवाली आईटीआई, 8. आरक्षी 492 ना०पु० धर्मेन्द्र भारती, कोतवाली आईटीआई
- आरक्षी 37 ना०पु० मोहन गिरी, कोतवाली आईटीआई
कार्रवाई के बाद एसएसपी अजय गणपति ने स्पष्ट किया कि जनपद में पुलिस ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनुशासनहीनता अथवा वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा, अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
एसएसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और साफ संदेश गया है कि ड्यूटी में जरा सी भी ढिलाई भारी पड़ सकती है। माना जा रहा है कि आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।




