न्यूज 127, हरिद्वार
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने गुरुवार को नगर निगम क्षेत्र हरिद्वार में होटल, ढाबों, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों का आकस्मिक निरीक्षण किया। अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था की जांच की गई तथा नमूने जांच के लिए लिए गए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड के आयुक्त विनय शंकर पांडेय के निर्देश और गढ़वाल मंडल के उपायुक्त खाद्य सुरक्षा राजेंद्र सिंह रावत के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। हरिद्वार के सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी और खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान पीलीभीत हाउस, भागीरथी होटल और सरोवर पोर्टिको होटल सहित करीब 10 खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों की जांच की गई। विभाग के अनुसार खाद्य पदार्थों के कुल छह नमूने जांच के लिए लिए गए। इनमें पनीर मक्खनी (कुक्ड), पकी हुई अरहर दाल और कच्ची अरहर दाल सहित अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्य रूप से अनलॉक पनीर और गैर-दुग्ध उत्पादों की रोकथाम, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, कच्चे माल की खरीद, बिल और पैकेजिंग से संबंधित व्यवस्थाओं की जांच की गई। इसके अलावा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुपालन की भी पड़ताल की गई।
टीम ने प्रतिष्ठानों में पेयजल की जांच रिपोर्ट, खाद्य सामग्री की जांच रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिपोर्ट और कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस एवं स्वास्थ्य परीक्षण से संबंधित अभिलेख भी देखे।
खाद्य कारोबार प्रतिष्ठानों के संचालकों को शुद्ध दूध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य उत्पादों का उपयोग करने तथा खाद्य पदार्थों को स्वच्छ और सुरक्षित तरीके से तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।


