न्यूज 127, देहरादून
बाल लिंगानुपात में सुधार और बेटियों के प्रति समाज में सकारात्मक सोच विकसित करने के उद्देश्य से स्वतंत्रता दिवस पर जनपद के सभी शैक्षणिक संस्थानों में ‘कन्या भ्रूण संरक्षण प्रतिज्ञा (Save The Girl Child Pledge)’ दिलाई जाएगी।
जिला समुचित प्राधिकारी, पीसीपीएनडीटी एवं जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने इस संबंध में मुख्य शिक्षा अधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के अनुसार 15 अगस्त को जिले के सभी डिग्री कॉलेजों, विद्यालयों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों में अपने-अपने स्तर पर प्रतिज्ञा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रतिज्ञा के माध्यम से विद्यार्थियों और शिक्षकों को लिंग भेद तथा कन्या भ्रूण हत्या जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाने का संकल्प दिलाया जाएगा। साथ ही बेटियों को बेटों के समान प्यार, पोषण, सुरक्षा और आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराने तथा उनकी शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयास करने की शपथ दिलाई जाएगी।
इस दौरान घर और समाज में ऐसा वातावरण तैयार करने का भी संकल्प लिया जाएगा, जहां प्रत्येक बेटी स्वयं को सुरक्षित महसूस करे और गरिमा एवं सम्मान के साथ जीवन जी सके।
जिला प्रशासन ने सभी शैक्षणिक संस्थानों से अभियान में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है। प्रशासन ने कहा कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों, शिक्षकों और कार्मिकों को अभियान से जोड़कर कन्या भ्रूण संरक्षण और बेटियों के अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाएगी।


