न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
जिला न्यायाधीश अरविन्द कुमार मिश्रा (द्वितीय) और जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने सोमवार को जिला कारागार तथा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कारागार के निरीक्षण के दौरान जिला न्यायाधीश और जिलाधिकारी ने महिला बैरक, पुरुष बैरक, बेकरी इकाई, प्रशिक्षण केंद्र और कार्यशाला का विस्तृत अवलोकन किया। उन्होंने बंदियों से सीधे वार्ता कर उनके खान-पान, स्वास्थ्य सुविधाओं और मुकदमों की पैरवी के लिए वकीलों की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली।
इसके उपरांत अधिकारियों ने राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर) का रुख किया। वहां उन्होंने आवासित किशोरों से बातचीत कर उनके भोजन, दवाइयों, खेलकूद, अदालत में पेशी और विधिक सहायता से जुड़े विषयों पर जानकारी प्राप्त की।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, एसपी देहात अभिजीत कुमार, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की प्रभारी सचिव प्रियंका रानी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनुपम यादव, जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सत्येंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


