न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर मेला प्रशासन ने निर्माण एवं विकास कार्यों की निगरानी और कड़ी कर दी है। मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा कराने के साथ नियमित स्थलीय निरीक्षण और प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सोमवार को मेला नियंत्रण भवन में आयोजित बैठक में मेलाधिकारी ने कुंभ कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि सभी स्वीकृत कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। बड़े और महत्वपूर्ण कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए आवश्यकता के अनुसार दिन-रात कार्य कराया जाए। कार्यों में निर्धारित गुणवत्ता मानकों से किसी भी स्तर पर समझौता न हो।
उन्होंने कार्यस्थलों पर लगाए गए सीसीटीवी कैमरों को लगातार संचालित रखने तथा इनके माध्यम से कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। स्थलीय निरीक्षण की रिपोर्ट तत्काल मेला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराने को कहा गया।
मेलाधिकारी ने सभी कार्यों की नियमित थर्ड पार्टी गुणवत्ता जांच कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जांच में कमियां मिलने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई की जाए। गुणवत्ता में लापरवाही सामने आने पर संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्था से अलग विभागों के अभियंताओं से भी तकनीकी जांच कराई जाएगी।
हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल के जिला स्तरीय अधिकारियों एवं उप जिलाधिकारियों को स्थायी और अस्थायी कार्यों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया कि सभी कार्य स्वीकृत डीपीआर के अनुरूप ही हों। थर्ड पार्टी जांच के बाद किए गए सुधार का मौके पर सत्यापन भी कराया जाएगा।
बैठक में विभिन्न सेक्टरों में शिविर, सुविधाओं और पार्किंग की तैयारियों के लिए मेला भूमि की सफाई एवं समतलीकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। अस्थायी कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद संबंधित स्थल की ड्रोन वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराने को कहा गया। नगर के आंतरिक क्षेत्रों में पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण के लिए अपर मेलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और सचिव एचआरडीए की समिति गठित कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, अपर जिलाधिकारी जितेन्द्र कुमार, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी एवं मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न जिलों के एसडीएम और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।


