प्रमोद कृष्णम की सुरक्षा बढ़ाने की मांग, धमकी देने वालों पर हो कड़ी कार्रवाई




Listen to this article

राष्ट्रीय व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने गृहमंत्री अमित शाह को भेजा पत्र

न्यूज 127, हरिद्वार।
कल्कि धाम के परमाध्यक्ष आचार्य प्रमोद कृष्णम को कथित तौर पर धमकी दिए जाने के मामले में राष्ट्रीय व्यापार मंडल उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष संजीव चौधरी ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह को पत्र भेजकर उनकी सुरक्षा बढ़ाने और धमकी देने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

संजीव चौधरी ने कहा कि आचार्य प्रमोद कृष्णम देश के प्रमुख संतों में हैं और करोड़ों सनातन धर्मावलंबियों की आस्था से जुड़े हुए हैं। ऐसे में उन्हें धमकी दिए जाने की घटना को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनकी वर्तमान सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर आवश्यकता के अनुरूप सुरक्षा बढ़ाई जानी चाहिए।

उन्होंने गृहमंत्री से मांग की कि धमकी देने वाले लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति संतों अथवा धार्मिक नेताओं को धमकी देने का दुस्साहस न कर सके।

चौधरी ने कहा कि देश में कानून का शासन सर्वोपरि है और किसी भी व्यक्ति या समूह को समाज में भय अथवा तनाव का वातावरण पैदा करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि धार्मिक आस्था से जुड़े मामलों में प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों को संवेदनशीलता के साथ तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।

उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार मामले का संज्ञान लेकर संबंधित एजेंसियों को आवश्यक निर्देश देगी और आचार्य प्रमोद कृष्णम की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ धमकी देने वालों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।