स्वास्थ्य बिगड़ने से उपनिरीक्षक संदीप चौहान का निधन




Listen to this article

2005 में आरक्षी के रूप में पुलिस में हुए थे भर्ती, 2016 में बने उपनिरीक्षक; कनखल और सिडकुल थाने में भी रही तैनाती

न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तराखंड पुलिस के उपनिरीक्षक संदीप चौहान का स्वास्थ्य बिगड़ने के बाद निधन हो गया। उनके निधन की खबर से पुलिस विभाग के साथ ही हरिद्वार में शोक की लहर दौड़ गई। मिलनसार स्वभाव और जनता के प्रति समर्पित पुलिस अधिकारी के रूप में उनकी पहचान रही।

संदीप चौहान वर्ष 2005 में उत्तराखंड पुलिस में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे। वर्ष 2016 में पदोन्नति के बाद वह उपनिरीक्षक बने। सितंबर 2024 से वह पौड़ी गढ़वाल जिले में तैनात थे। इससे पहले हरिद्वार में भी उन्होंने पुलिस सेवा दी। कनखल और सिडकुल थानों में उनकी तैनाती के दौरान उनके व्यवहार और कार्यशैली की लोगों ने सराहना की।

सहकर्मियों के अनुसार संदीप चौहान शांत, सहज और मिलनसार स्वभाव के पुलिसकर्मी थे। ड्यूटी के दौरान वह आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते थे और जरूरतमंदों की मदद के लिए तत्पर रहते थे। उनके निधन की सूचना मिलने के बाद हरिद्वार में उनके परिचितों, पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने गहरा दुख व्यक्त किया।

पुलिस विभाग ने एक कर्मठ और समर्पित अधिकारी को खो दिया है। संदीप चौहान के निधन से उनके सहकर्मियों और परिचितों में शोक की लहर है।