प्रेमनगर पुल पर बच्चों को गंगा में फेंकने की कर रहा था कोशिश
न्यूज 127, हरिद्वार।
पत्नी से नाराज एक पिता गुस्से में अपने ही तीन मासूम बच्चों की जान लेने पर उतारू हो गया। वह तीनों बच्चों को लेकर प्रेमनगर पुल पहुंचा और उन्हें गंगा में फेंकने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ गई। लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तीनों बच्चों को सुरक्षित अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के अनुसार बच्चों को गंगा में फेंकने का प्रयास करने वाला व्यक्ति तिबड़ी का रहने वाला बताया गया है। बताया गया कि उसका पत्नी से विवाद हुआ था। पत्नी से नाराज पति अपना गुस्सा बच्चों पर निकालने के लिए उन्हें लेकर घर से निकल गया और प्रेमनगर पुल पर पहुंचकर गंगा में फेंकने की कोशिश करने लगा।
स्थानीय लोगों की सतर्कता और समय पर पुलिस को दी गई सूचना से बड़ा हादसा टल गया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित बचाया और माता-पिता को कड़ी फटकार लगाई। पुलिस ने दोनों को बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त चेतावनी भी दी।
आवश्यक सुपुर्दगी प्रक्रिया पूरी करने के बाद तीनों बच्चों को उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।


