भारतीय योग संस्थान ने धूमधाम से मनाया 60वाँ स्थापना दिवस, योग साधना से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश




Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
भारतीय योग संस्थान के 60वें स्थापना दिवस के शुभ अवसर पर शुक्रवार को भारतीय योग संस्थान, ज़िला पल्लवपुरम के तत्वाधान में अक्षरधाम पार्क-2 में एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। प्रातः 6:00 से 7:15 बजे तक आयोजित इस कार्यक्रम में साधकों को स्वस्थ जीवन के लिए योग आसन, प्राणायाम एवं ध्यान का गहन अभ्यास कराया गया।

कार्यक्रम का सफल संचालन एवं मार्गदर्शन ज़िला प्रधान दीप कमल शर्मा, क्षेत्र प्रधान श्वेता गर्ग, प्रमोद कुमार, संगठन मंत्री रीता भारद्वाज एवं उनकी सहयोगी टीम द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान योग गुरुओं और पदाधिकारियों ने दैनिक जीवन में योग और प्राणायाम के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे निरोगी जीवन की कुंजी बताया।

स्थापना दिवस समारोह में अक्षरधाम के विशिष्ट पदाधिकारियों में प्रधान राजबीर चौहान, सचिव विपिन बालियान, कृषि विश्वविद्यालय मेरठ के डॉ. आर.एस. सेंगर एवं मुख्य व्यवस्थापक चौधरी नरेंद्र सिंह उपस्थित रहे।

इस अवसर पर क्षेत्र के कुल 10 योग केंद्रों से आए लगभग 120 साधक एवं साधिकाओं ने बड़े उत्साह के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम का समापन योग के नियमित अभ्यास और समाज में इसके प्रचार-प्रसार के संकल्प के साथ किया गया।