जौलजीबी मेले से भारत-नेपाल के रिश्तों को मिलेगी नई मजबूती, 102.72 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात, सीएम धामी ने किया ऐतिहासिक मेले का शुभारंभ




Listen to this article

न्यूज 127, पिथौरागढ़
भारत-नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, सदियों पुराने व्यापारिक रिश्तों और सीमांत क्षेत्र की लोकसंस्कृति के प्रतीक ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विधिवत शुभारंभ किया। काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित मेले में मुख्यमंत्री ने जनपद पिथौरागढ़ को 102.72 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण किया। साथ ही मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला केवल व्यापारिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और मजबूत सामाजिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के नागरिकों को एक-दूसरे के करीब लाने के साथ ही सांस्कृतिक और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा देता रहा है। भारत, नेपाल और तिब्बत के बीच ऐतिहासिक व्यापारिक संबंधों में भी इस मेले का विशेष महत्व रहा है।

उन्होंने कहा कि जौलजीबी मेले से उनका बचपन से विशेष जुड़ाव रहा है। यहां की संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय रीति-रिवाजों को उन्होंने नजदीक से देखा है। ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का काम करते हैं। मेले लोक कलाकारों, स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक व्यवसायों को भी प्रोत्साहन देते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों में प्राकृतिक सौंदर्य, साहसिक पर्यटन और समृद्ध लोकसंस्कृति के माध्यम से युवाओं के लिए स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। सरकार का प्रयास है कि सीमांत क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और आजीविका के अवसर भी विकसित किए जाएं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। प्रधानमंत्री ने 21वीं सदी के तीसरे दशक को उत्तराखंड का दशक बताया है। इस संकल्प को साकार करने के लिए विकास के साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी सरकार की प्रतिबद्धता है।

मुख्यमंत्री द्वारा शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस) का निर्माण, 13.38 करोड़ रुपये की घाट पंपिंग पेयजल योजना से संबंधित कार्य, 36.10 करोड़ रुपये की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना तथा 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर पुल का निर्माण शामिल है। इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी भी ली।

कार्यक्रम में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक डीडीहाट बिशन सिंह चुफाल, विधायक धारचूला हरीश धामी, पिथौरागढ़ की महापौर कल्पना देवलाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी तथा भारत और नेपाल के नागरिक मौजूद रहे।