नवीन चौहान, हरिद्वार। मित्रता, सेवा व सुरक्षा के स्लोगन को उत्तराखण्ड पुलिस ने सार्थक कर दिखाया है। पुलिस ने अपनी सूझबूझ और साहस के बल पर 28 लोगों की जिंदगी को बचा लिया। पुलिस ने अनियंत्रित होकर पलटी एक बस में सवार घायलों को तत्काल अस्पताल में भर्ती करवाकर प्राथमिक उपचार दिलवाया। जिससे सभी लोगों की जिंदगी बच गई। पुलिस के इस कार्य की चहुंओर प्रशंसा हो रही है। घटना रायवाला की है।
दरअसल ऋषिकेश से बारातियों से भरी एक बस हल्द्वानी की तरफ जा रही थी। बस में सवार सभी लोग शादी की खुशी में सराबोर थे। लेकिन तड़के करीब साढ़े पांच बजे बारातियों से भरी बस संख्या यूके 04-पीए 0081 रायवाला में राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर पलट गई। बस के अंदर सभी यात्री फंसे थे। रायवाला पुलिस को इस घटना की खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसे लोगो को बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। जिसके चलते सभी घायल सुरक्षित बचाए जा सके। घायलों के परिवारजन व स्थानीय लोग पुलिस के इस कार्य की सराहना कर रहे हैं।