न्यूज 127, मेरठ (जोजो)।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर जनपद हापुड़ के गढ़ मेला, मेरठ के मखदूमपुर मेला और बुलंदशहर के अनूपशहर गंगा मेला में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए डीआईजी रेंज मेरठ कलानिधि नैथानी ने मेला क्षेत्र और प्रमुख आवागमन मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मेला क्षेत्र या मार्गों पर किसी भी प्रकार का हुड़दंग, अराजकता या शांति व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी रेंज मेरठ द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश:
आवागमन मार्गों पर विशेष निगरानी: मेलों में आने-जाने वाले प्रमुख मार्गों, संपर्क मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी रखेगा। हुड़दंग या अराजकता करने वालों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई व सीजर की कार्रवाई की जाएगी।
सख्त अभियोग पंजीकरण: मारपीट, शांति भंग करने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वाले मामलों में केवल औपचारिक चेतावनी न देकर तथ्यों के आधार पर तुरंत सुसंगत धाराओं में मुकदमे दर्ज किए जाएंगे।
सेक्टर प्रभारियों की जवाबदेही: प्रत्येक सेक्टर प्रभारी अपने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यक्तिगत रूप से जिम्मेदार होंगे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर न पहुंचने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस बल की मुस्तैदी: ड्यूटी पर तैनात समस्त अधिकारी और कर्मचारी अपने निर्धारित प्वाइंट पर पूरी सतर्कता से मौजूद रहकर किसी भी अराजक गतिविधि को तुरंत नियंत्रित करेंगे और विधिक कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे।
पुलिस अनुशासन सर्वोपरि: ड्यूटी के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनुशासनहीनता या विपरीत आचरण करने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
डीआईजी ने दोहराया कि गढ़ मेले में आने वाले हर श्रद्धालु को सुरक्षित और भयमुक्त माहौल देना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी पूर्ण समन्वय और जीरो टॉलरेंस की नीति के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।


