न्यूज 127, हरिद्वार।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत सोमवार को आंगनवाड़ी केंद्र बहादुरपुर जट में आंगन मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला सशक्तिकरण, पोषण और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा जिला मीडिया प्रभारी धर्मेंद्र सिंह चौहान, जिला पंचायत सदस्य सोहनवीर पाल और भाजपा नेता चौधरी सत्य कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान अतिथियों ने लाभार्थी महिलाओं को महालक्ष्मी किट वितरित की। उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों प्रवीण देवी और अनीता देवी को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथि धर्मेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि महिला सशक्तिकरण परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने गर्भवती महिलाओं के लिए पोषण किट, महालक्ष्मी किट, लखपति दीदी, उज्ज्वला तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने में आंगनवाड़ी केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों से सरकारी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक पात्र परिवारों तक पहुंचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में राधा, शालू, अफरोज, हरमंदीप, शमा परवीन, प्रियंका, मोनिका, अनीता, सुहाना, शोएब, हिमानी, याशिका और सतीश कुमार सहित बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और अन्य लोग मौजूद रहे।


