शामली। भाजपा हाईकमान द्वारा कैराना लोकसभा सीट पर प्रत्याशी मृगांका सिंह का टिकट काटकर प्रदीप चौधरी को दिये जाने से मृगांका के समर्थकों ने इसका विरोध कर दिया है। इस मामले में रविवार को समर्थक उनके फार्म हाउस पर एकत्र हुए और इस मामले में पंचायत कर रहे हैं।
कैराना लोकसभा सीट पर स्व0 हुकुम सिंह की बेटी मृगांका सिंह को बीजेपी ने अपना प्रत्याशी घोषित किया था। उन्हें भाजपा ने सांसद हुकुम सिंह की मृत्यु के बाद उप चुनाव में भी प्रत्याशी बनाया था लेकिन गठबंधन प्रत्याशी के सामने वह चुनाव हार गई थी। इस बार भाजपा ने उनका ही टिकट फाइनल किया था। पहली सूची में कैराना से मृगांका सिंह का ही नाम था, लेकिन शनिवार को अचानक उनका टिकट काट दिया गया। भाजपा ने अब इस सीट पर प्रदीप चौधरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। मृगांका सिंह का टिकट कटने से नाराज उनके समर्थकों ने बगावत शुरू कर दी है। शनिवार शाम से ही समर्थक इस संबंध में बैठक कर रहे हैं। हालांकि मृगांका सिंह ने अभी इस मामले में कुछ नहीं कहा है, उनका कहना है कि वह पार्टी के साथ हैं। पार्टी का निर्णय उन्हें स्वीकार है। रविवार को उनके समर्थकों ने कैराना में कई स्थानों पर बैनर लगाकर अपना विरोध जताया। वहीं दूसरी ओर मृगांका सिंह के फार्म हाउस में समर्थकों की पंचायत की रविवार को हो रही है। इस पंचायत में इस फैसले के खिलाफ अगामी रणनीति तय करने की बात कही जा रही है। समर्थक टिकट कटने के पीछे यूपी सरकार में गन्ना मंत्री सुरेश राणा का हाथ मान रहे हैं, इसलिए समर्थक सुरेश राणा के खिलाफ भी अपना रोष व्यक्त कर रहे हैं।