निरंजनी अखाड़े सचिव महंत रविंद्र पुरी ने कोरोना संक्रमण काल की आपदा में अन्नपूर्णा का शुभारंभ





गगन नामदेव
मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए एक बार फिर से अन्नपूर्णा की सेवा प्रारंभ कर दी है। उन्होंने भोजन प्रसाद की व्यवस्था शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि संसार में किसी भी व्यक्ति को भूखा नहीं सोने दिया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि जरूरतमंदों की अधिक से अधिक सेवा की जाए। पूर्व केबिनेट मंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने निरंजनी अखाड़े में अन्नक्षेत्र का शुभारंभ किया।
पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के परिसर स्थित चरण पादुका मंदिर में अन्नपूर्णा का शुभारंभ श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज व नगर विधायक एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने संयुक्त रूप से किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने कहा कि श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज मानवता के महान संरक्षक है। उन्होंने जब भी किसी आपदा काल में जरूरत पड़ी तो हमेशा बढ़-चढ़कर मानव सेवा में अपना सर्वस्व समर्पण किया है। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने पिछले वर्ष लॉकडाउन में लाखों लोगों को भोजन के साथ ही कच्चा राशन उपलब्ध कराया। जबकि एक करोड़ से अधिक की धनराशि राज्य और केंद्र सरकार को भेजकर सहयोग किया। हाल ही में उन्होंने फिर से 50 लाख का चेक मुख्यमंत्री को ऑक्सीजन की व्यवस्था के लिए सौंपा है। अब फिर से उन्होंने गरीब व जरूरतमंदों के लिए भंडारा शुरू किया है। जबकि गरीब मरीजों के लिए भी दो एम्बुलेंस जल्द ही श्रीमहंत द्वारा शुरू कराई जायेंगी। मां मनसा देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने कहाकि जरूरतमंदों की सेवा ही सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। जब तक भी लॉकडाउन चलेगा तब तक गरीब व जरूरतमंद के लिए भोजन की व्यवस्था चालू रहेगी। उन्होंने कहा कि एक हजार सब्जी व पूरी के पैकेट और दाल चावल के अलग से पैकेट तैयार कर सुबह और शाम गरीब और जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। सरकार और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए तैयार रहेंगे। श्रीमहंत रविंद्रपुरी महाराज ने सभी संत समाज से अपील करते हुए कहा कि कोरोना को देखते हुए बढ़ चढ़कर असहाय और जरूरतमंद लोगों की मदद करें।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *