संजीव शर्मा
मेरठ। मेरठ के एलएलआरएम मेडिकल कॉलेज में इलाज करने पहुंचे एक व्यक्ति की जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आयी है। मूल रूप से बुलंदशहर जिले के खुर्जा का रहने वाला यह व्यक्ति महाराष्ट्र से एक सप्ताह पहले मेरठ अपनी ससुराल पहुंचा था। यहां उसने एक शादी समारोह भी अटैंड किया इसके अलावा अपने रिश्तेदारों से भी मिला। एक मस्जिद में उसने नमाज भी पढ़ी।
कोरोना पॉजिटिव मरीज सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। स्वास्थ्य विभाग ने मरीज की पत्नी और उसके तीन रिश्तेदारों को भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर दिया है। उनकी जांच रिपोर्ट शनिवार शाम तक आएगी। बताया जा रहा है कि मरीज की उम्र करीब 50 वर्ष है वह यहां महाराष्ट्र के अमरावती से अपनी ससुराल मेरठ के शास्त्रीनगर में पहुंचा था। खुर्जा का रहने वाला यह व्यक्ति महाराष्ट्र में क्रॉकरी का काम करता है। 19 मार्च की रात ट्रेन से वह शास्त्रीनगर स्थित अपनी ससुराल पहुंचा। 20 मार्च को एक शादी समारोह में हिस्सा लिया। उसके बाद दो दिन वह एक अन्य रिश्तेदार के यहां हिमायुं नगर में रूका। उसकी तबियत अधिक खराब होने पर उसे 26 मार्च की रात मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां शुक्रवार को उसके ब्लड सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव आयी। उसकी रिपोर्ट पाजिटिव आने पर उसे कोरोना वार्ड में भर्ती कर इलाज शुरू कर दिया गया। इस मरीज की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा है। स्वास्थ्य विभाग ने ऐतिहात के तौर पर उसकी पत्नी और तीन रिश्तेदारों को भी आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कर लिया है। इनकी रिपोर्ट यदि पाजिटिव आती है तो मरीज और उसके रिश्तेदारों की ट्रैवल हिस्ट्री चैक कर अगला कदम उठाया जाएगा।