राजनाथ सिंह तय करेंगे प्रदेश में भाजपा की सरकार, धामी और कौशिक को बुलाया दिल्ली




नवीन चौहान.
प्रदेश में नई सरकार का गठन होली के बाद ही होगा, लेकिन उससे पहले प्रदेश के सीएम और मंत्रिमंडल को लेकर मंथन चल रहा है। प्रदेश का नया सीएम कौन होगा इसके लिए पार्टी हाईकमान भी मंथन में जुटा है। नई सरकार को तय करने की जिम्मेदारी केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह को सौंपी गई हैं। उन्हें पर्यवेक्षक बनाया गया है जबकि सहयोगी के रूप में सह पर्यवेक्षक मीनीक्षी लेखी को बनाया गया है।

दिल्ली में आज भाजपा हाईकमान की एक अहम बैठक होने जा रही है। इस बैठक में कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को भी दिल्ली बुलाया गया है। माना यही जा रहा है कि इस बैठक में विधायक मंडल दल के नेता और मंत्रीमंडल गठन के बारे में चर्चा होगी।

इस बैठक में उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री पर फैसला हो सकता है। हालांकि अधिकारिक घोषणा प्रदेश मुख्यालय पर ही होगी। पार्टी हाई कमान ने पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक को दिल्ली बुलाया गया है। वे आज भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष से मुलाकात करेंगे।

प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने बताया कि उत्तराखंड के संबंध में भाजपा दिल्ली में आज एक महत्वपूर्ण बैठक करेगी। जिसमें भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और संगठन महासचिव बीएल संतोष भी शामिल रहेंगे। प्रदेश की ओर से इस बैठक में मदन कौशिक और पुष्कर सिंह धामी शामिल होंगे।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *