UP के CM योगी आदित्यनाथ पहुंचे यमकेश्वर, देवभूमि की महिमा का किया गुणगान




Listen to this article

न्यूज 127.
तीन दिवसीय दौरे पर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को यहां यमकेश्वर स्थित ग्राम तल्ला बनास में आयोजित धार्मिक आयोजन में भाग लिया। उन्होंने वनवासी श्रीराम मंदिर और वासिनी देवी मंदिर की मूर्ति प्राण प्रतिष्ठा में सहभागिता की और स्थानीय जनता से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण समाज के आध्यात्मिक विकास के लिए आवश्यक है।

योगी आदित्यनाथ ने मां गढ़वासिनी मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की और मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि भारत की आध्यात्मिक परंपराएं हमें संयम, सेवा और समर्पण का संदेश देती हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का संरक्षण और पुनरुद्धार केवल आस्था का विषय नहीं है, बल्कि यह हमारी संस्कृति और विरासत के प्रति हमारी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थल केवल पूजा-अर्चना के स्थान नहीं हैं, बल्कि वे हमारी सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रमाण भी हैं। हमें इन धरोहरों के संरक्षण के लिए मिलकर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने उत्तराखंड की देवभूमि की महिमा का गुणगान करते हुए कहा कि यह भूमि संतों, तपस्वियों और ऋषियों की साधना स्थली रही है। यहाँ की आध्यात्मिक शक्ति संपूर्ण भारत को मार्गदर्शन देती है।

इस आयोजन में हरिद्वार के सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत और उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत भी उपस्थित रहे। इस दौरान आयोजित कार्यक्रम में उत्तराखंड के प्रसिद्ध जागर गायक प्रीतम बर्थवाण और लोक गायिका माधुरी बड़थ्वाल ने भी अपनी प्रस्तुति से भक्तों को मंत्रमुग्ध किया। समारोह के आयोजक आलम सिंह नेगी और उनकी पत्नी दर्शिनी देवी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक विशाल त्रिशूल भेंट कर सम्मानित किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां के मंदिरों का आध्यात्मिक व ऐतिहासिक महत्व पूरे भारत के लिए प्रेरणादायक है।