DAV सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में लिटरेचर कॉन्क्लेव, साहित्यकार बोले समाज से जोड़ता है साहित्य




Listen to this article

न्यूज 127.
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल जगजीतपुर में लिटरेचर कॉन्क्लेव का शनिवार को आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अंग्रेजी साहित्यकार डॉ मोना वर्मा व काजल वर्मा और हिंदी के साहित्यकार डॉ सुशील कुमार त्यागी ने बच्चों को साहित्य की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरूआत हुई। प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने मुख्य अतिथियों को शॉल, समृद्धि सूचक पौधा और वेद की पुस्तक भेंट करके उनका स्वागत किया। उपस्थित साहित्यकारों ने अपने विचार साझा किए और छात्रों को साहित्य की महत्ता, साहित्य में रोजगार के नए विकल्प और साहित्य के माध्यम से समाज में परिवर्तन लाने की प्रेरणा दी।

डॉ मोना वर्मा ने अंग्रेजी साहित्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि साहित्य हमें समाज से जोड़ता है। एक साहित्यकार जो लिख देता है उसे समाज शत प्रतिशत सही मानता है। डॉ मोना वर्मा ने मलिक मोहम्मद जायसी के ग्रंथ पद्मावत का उदाहरण दिया। डॉ सुशील कुमार त्यागी ने काव्य साहित्य में छंदों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने अपनी रचनाएं भी प्रस्तुत की और विद्यार्थियों को लिखने के लिए प्रेरित किया।

काजल वर्मा ने छात्रों को साहित्य के क्षेत्र में नए-नए रोजगारों से परिचित कराया। सभी साहित्यकारों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि साहित्य हमारे जीवन को समृद्ध बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वह न केवल साहित्य का अध्ययन करें बल्कि स्वयं भी लिखने का प्रयास करें।

कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी अपनी साहित्यिक प्रतिभा का प्रदर्शन किया उन्होंने स्वरचित कविता पाठ से हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं को समृद्ध किया। हिंदी और अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिताओं में स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को मंच पर सम्मानित करते हुए प्रधानाचार्य द्वारा प्रमाण पत्र दिए गए।

प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल सदैव ही विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए तत्पर रहते हैं और विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते रहते हैं। प्रधानाचार्य ने विद्यालय की नन्हीं नवोदित कवयित्री वसुंधरा उपाध्याय को उसकी रचनाओं के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

विद्यालय के नवोदित कवियों और कवयित्रियों ने अपनी स्वरचित प्रस्तुति से उपस्थित साहित्यकारों को अचंभित कर दिया। संस्कृति पवार कक्षा 10th बी, अथर्व शर्मा कक्षा 10th बी, ने हिंदी में अपनी प्रस्तुति दी तथा आरोही शर्मा कक्षा 10th ई,व मानव शर्मा कक्षा 10th बी ने अंग्रेजी में अपनी कविताएं प्रस्तुत की।

कक्षा 10 की एक उभरती हुई कवयित्री ‘आरोही शर्मा’, जिन्होंने 2021 में कविता लिखना शुरू किया था। वह ‘लव नोट्स टू माइसेल्फ’, ‘खामोशियाँ’, ‘मोज़ेक’ और ‘ए ग्लिम्प्स ऑफ लाइफ’ नामक संकलनों की सह-लेखिका हैं, जो अमेज़न पर उपलब्ध हैं। अथर्व शर्मा द्वारा प्रस्तुत रामधारी सिंह दिनकर की कविता ने सबका मन मोह लिया।

कार्यक्रम के अंत में सुपरवाइजरी हेड कुसुम बाला त्यागी ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया और कहा कि निश्चय ही विद्यार्थी इस आयोजन से लाभान्वित होंगे। इस आयोजन से विद्यालय के छात्रों को साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने और अपनी लेखन क्षमता को विकसित करने का अवसर मिला है।

कार्यक्रम में सुपरवाइजरी हेड हेमलता पांडे, सोनिया त्यागी, अर्चना अवधेश शिवपुरी, प्रतिमा सक्सेना, रेनू शर्मा, सुषमा शर्मा, नवनीत बलोदी और वरुण शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन लक्ष्य सिंघल, नव्या सिंह तथा अभिनव गोसाईं ने सुचारू रूप से किया।
कार्यक्रम की रूपरेखा और निर्देशन का कार्य सोनिया त्यागी द्वारा संपन्न किया गया।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *