डीएवी सेंटेनरी स्कूल के कबीर का राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए चयन




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर के कक्षा पांच के छात्र कबीर यादव ने अपनी शानदार खेल प्रतिभा के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। राज्य स्तरीय अंडर-11 बैडमिंटन प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप के लिए हुआ है। कबीर की इस सफलता से विद्यालय परिवार में खुशी की लहर है।

बैडमिंटन फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में राष्ट्रीय बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन 24 से 27 नवंबर 2026 तक छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में कबीर यादव राष्ट्रीय स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उनके बेहतरीन खेल और निरंतर अच्छे प्रदर्शन ने उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्थान दिलाया है।

कबीर की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल, शिक्षकगण और सहपाठियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें एवं उनके माता-पिता को बधाई दी। विद्यालय परिवार ने विश्वास जताया कि कबीर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी शानदार प्रदर्शन कर हरिद्वार और उत्तराखंड का नाम रोशन करेंगे। साथ ही उनके उज्ज्वल खेल भविष्य की कामना की।