न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखंड में आपदा प्रबंधन की चुनौतियों, आधुनिक तकनीकों और आपदाओं से निपटने की तैयारियों को लेकर वैश्विक स्तर पर विचार-विमर्श की तैयारी है। आगामी 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन किया।
सम्मेलन की थीम ‘सिलक्यारा के साहस से वैश्विक आपदा प्रतिरोधक क्षमता तक’ रखी गई है। इसके माध्यम से आपदा जोखिम के पूर्वानुमान, समय रहते तैयारियों, आधुनिक तकनीकों के उपयोग और आपदाओं से निपटने की क्षमता विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने सम्मेलन की जानकारी देते हुए बताया कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल एवं सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इस आयोजन की परिकल्पना की गई है। सम्मेलन का उद्देश्य सिलक्यारा बचाव अभियान से मिले अनुभवों और सीख को वैश्विक आपदा प्रबंधन की रणनीतियों से जोड़ना है।
सम्मेलन में आपदा जोखिम के आकलन एवं पूर्वानुमान, आपदा से पहले की तैयारियों, बचाव एवं राहत अभियानों में नवीन तकनीकों की भूमिका तथा आपदा के बाद पुनर्वास और पुनर्निर्माण जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। इसके साथ ही आपदा प्रबंधन से जुड़े अनुभवों, वैज्ञानिक ज्ञान और नवाचारों के आदान-प्रदान पर भी विशेष जोर रहेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए आपदा प्रबंधन और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण अत्यंत महत्वपूर्ण है। हिमालयी राज्य होने के कारण यहां आपदाओं के जोखिम को कम करने, पूर्व चेतावनी प्रणाली को मजबूत बनाने और जनसहभागिता बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रकृति संरक्षण और आपदा प्रबंधन को सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण बताया।
गौरतलब है कि सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान ने कठिन परिस्थितियों में समन्वय, तकनीकी दक्षता और सामूहिक प्रयासों की अहमियत को सामने रखा था। प्रस्तावित सम्मेलन इसी अनुभव को व्यापक स्तर पर साझा करने और आपदा प्रतिरोधक क्षमता विकसित करने के लिए महत्वपूर्ण मंच साबित हो सकता है। इस अवसर पर पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी, यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत और अन्य संबंधित सदस्य उपस्थित रहे।


