कुंभ 2027: प्रमुख स्नान पर्वों पर भीड़ संभालने के लिए पुलिस की बनेगी विशेष रणनीति




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
कुंभ मेला-2027 में देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को नियंत्रित करना पुलिस और मेला प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती होगी। इसे देखते हुए उत्तराखंड पुलिस ने प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात संचालन और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार करने की कवायद तेज कर दी है।

मंगलवार को मेला नियंत्रण भवन सभागार में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरुगेसन तथा एडीजी प्रशासन ए.पी. अंशुमान की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के निर्देशन में तैयार की जा रही सुरक्षा एवं व्यवस्थागत योजनाओं की समीक्षा की गई।

बैठक में प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान संभावित भीड़ के दबाव, श्रद्धालुओं के आवागमन, पैदल यात्रियों के डायवर्जन, होल्डिंग प्लान, आपातकालीन निकासी और आपदा प्रबंधन की तैयारियों का आकलन किया गया। प्रमुख स्नान घाटों और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, वॉच टावर स्थापित करने तथा भीड़ की स्थिति पर लगातार नजर रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यातायात व्यवस्था को लेकर पार्किंग स्थलों के चयन, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक यातायात योजना और अत्यधिक भीड़ की स्थिति में वाहनों के संचालन की रणनीति पर चर्चा हुई। अवरोध संभावित स्थलों यानी बॉटलनेक प्वाइंट्स को पहले से चिह्नित कर वहां यातायात और पैदल आवागमन को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों को सभी यातायात योजनाओं का दोबारा आकलन कर व्यवहारिक कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया।

रेलवे स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष मंथन हुआ। ट्रेनों के नियमन, जीआरपी की तैनाती, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन व्यवस्थाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। रेलवे प्रशासन, जीआरपी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया गया।

इसके साथ ही मेला क्षेत्र में अग्निशमन व्यवस्था, फायर सेफ्टी परीक्षण, आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता और प्रभावी संचार व्यवस्था की समीक्षा की गई। पुलिस महानिरीक्षक एवं निदेशक यातायात/जीआरपी कृष्ण कुमार वी.के. ने यातायात और रेलवे सुरक्षा से संबंधित तैयारियों की जानकारी दी, जबकि पुलिस महानिरीक्षक पुलिस दूरसंचार एवं अग्निशमन विम्मी सचदेवा ने संचार और अग्निशमन व्यवस्थाओं पर सुझाव रखे।

बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पार्किंग, होल्डिंग एरिया, वैकल्पिक मार्ग और आपातकालीन निकासी की व्यवस्थाएं समय रहते अंतिम रूप दी जाएं, ताकि प्रमुख स्नान पर्वों के दौरान श्रद्धालुओं को जाम, अव्यवस्था और अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।