मुख्यमंत्री धामी ने दी चमोली को 149.77 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात




Listen to this article

न्यूज 127, पीपलकोटी।
पर्वतीय क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चमोली जनपद को 149.77 करोड़ रुपये की 30 विकास योजनाओं की सौगात दी। पीपलकोटी में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने 133.59 करोड़ रुपये की 16 योजनाओं का शिलान्यास और 16.18 करोड़ रुपये की 14 योजनाओं का लोकार्पण किया। इसके साथ ही उन्होंने तीन महत्वपूर्ण मोटर मार्गों के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार पर्वतीय क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। विकास योजनाओं का उद्देश्य दूरस्थ गांवों तक बेहतर संपर्क और सुविधाएं पहुंचाना है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार और बेहतर जीवन के अवसर मिल सकें।

शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में गोविंदघाट में मोटर पुल निर्माण, ग्वालदम-नंदकेशरी मोटर मार्ग तथा थराली-देवाल-मुंदोली-वाण मोटर मार्ग का सुधारीकरण शामिल है। इसके अलावा हापला-मसौली से गुडम नैल और ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग से जयकंडी-ग्वाड़ मोटर मार्ग के निर्माण कार्य भी शामिल हैं।

मुख्यमंत्री ने जिन 14 योजनाओं का लोकार्पण किया, उनमें आईटीआई गोपेश्वर में कार्यशाला निर्माण, गौचर और उर्गम में स्वास्थ्य इकाइयों से संबंधित कार्य, विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रयोगशालाओं एवं कक्षा-कक्षों का निर्माण तथा आयुर्वेदिक चिकित्सालयों से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने हेलंग-डूंगरी बरोसी मोटर मार्ग, गोपेश्वर-पोखरी मोटर मार्ग तथा त्रिशूला-भदूड़ा मोटर मार्ग के निर्माण एवं सुधारीकरण की घोषणा की। इन घोषणाओं को क्षेत्रीय आवागमन और संपर्क सुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक अनिल नौटियाल एवं भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।