न्यूज 127, हरिद्वार।
रोशनाबाद पुलिस कार्यालय में तैनात महिला कांस्टेबल ने वहीं नियुक्त होमगार्ड पर लगातार पीछा करने, व्हाट्सऐप संदेश भेजकर परेशान करने और छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला कांस्टेबल की शिकायत पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश से सिडकुल थाना पुलिस ने आरोपी होमगार्ड कुलदीप के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के मुताबिक, वाचक कार्यालय में तैनात होमगार्ड कुलदीप पिछले कुछ समय से महिला कांस्टेबल को कथित तौर पर परेशान कर रहा था। महिला कांस्टेबल ने कई बार उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन आरोप है कि इसके बाद भी उसकी हरकतें जारी रहीं। महिला कांस्टेबल का आरोप है कि वह जहां भी जाती, होमगार्ड उसका पीछा करता और व्हाट्सऐप पर लगातार संदेश भेजता था।
महिला कांस्टेबल ने पुलिस को बताया कि 22 सितंबर को वह सरकारी कार्य से जिलाधिकारी कार्यालय स्थित पोस्ट ऑफिस गई थी। आरोप है कि होमगार्ड उसका पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गया। पोस्ट ऑफिस के पास उसने महिला कांस्टेबल का हाथ पकड़ लिया और कथित तौर पर बदसलूकी की।
शिकायत में बताया गया कि इसी दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने महिला कांस्टेबल से उसकी परेशानी के बारे में पूछा। उसके पहुंचते ही आरोपी ने हाथ छोड़ दिया और मौके से चला गया।
घटना के बाद महिला कांस्टेबल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने सिडकुल पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी होमगार्ड के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस अब आरोपों की जांच में जुटी है। सिडकुल थाना पुलिस के अनुसार घटना से जुड़े तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


