दिल्ली से लौटते ही राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे मुख्यमंत्री, उत्तरकाशी में 40 का रेस्क्यू, आठ हेलीकॉप्टर तैनात




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सीधे राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, आईटी पार्क पहुंचे और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में फंसे ट्रैकर्स एवं माउंटेनियर्स के राहत एवं बचाव अभियान की समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से अभियान की अद्यतन स्थिति की जानकारी लेते हुए फंसे प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।

बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान कुल 179 ट्रैकर्स एवं माउंटेनियर्स के फंसे होने की सूचना मिली थी। इनमें 136 उत्तरकाशी और 43 बागेश्वर के पिंडारी क्षेत्र में बताए गए।

उत्तरकाशी में संचालित अभियान की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री को बताया गया कि फंसे 136 लोगों में से 40 को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू कराने से इनकार करते हुए अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा जताई है। शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान सोमवार सुबह छह बजे से फिर शुरू किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मौसम और विषम भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू अभियान में ट्रैकर्स, माउंटेनियर्स और पोर्टर्स की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। सभी संबंधित एजेंसियां आपसी समन्वय से अभियान चलाएं और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन तत्काल उपलब्ध कराए जाएं।

रेस्क्यू के लिए आठ हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने आवश्यकता के अनुसार हवाई संसाधनों का तत्काल उपयोग करने तथा हेली एंबुलेंस को स्टैंडबाय पर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से भी मौके की स्थिति की जानकारी ली और रेस्क्यू टीमों को सभी आवश्यक संसाधन एवं सहयोग उपलब्ध कराने को कहा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों के साथ उत्तराखंड आने वाले पर्यटकों, श्रद्धालुओं और ट्रैकर्स की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों को संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने तथा आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने के निर्देश दिए।

चारधाम में स्थायी कचरा प्रबंधन पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, स्वच्छता और यात्रा मार्गों की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने चारधाम सहित प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर स्थायी ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था विकसित करने के लिए दीर्घकालिक योजना तैयार करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऐसी व्यवस्था तैयार की जाए, जिससे धार्मिक स्थलों की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और श्रद्धालुओं की सुविधा एक साथ सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक और प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखते हुए यात्रा एवं पर्यटन व्यवस्थाओं को व्यवस्थित और टिकाऊ बनाया जाना जरूरी है। बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप सहित आपदा प्रबंधन विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।